विज्ञापन
लीडरबोर्ड बैनर

UPTET-2026 की दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया औचक निरीक्षड़

रिजवान खान जिला ब्यूरो अंबेडकर नगर12 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता के बीच संपन्न हुई परीक्षा, डीएम ने कहा— निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं होगाअम्बेडकरनगर, ।उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक…

UPTET-2026 की दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया औचक निरीक्षड़

रिजवान खान जिला ब्यूरो अंबेडकर नगर

12 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता के बीच संपन्न हुई परीक्षा, डीएम ने कहा— निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं होगा

अम्बेडकरनगर, ।उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के अंतर्गत गुरुवार को जनपद के 12 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरे दिन मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनपद में 2 एवं 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में कुल पांच पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा के पहले दिन सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराया गया तथा प्रत्येक स्तर पर सुरक्षा एवं गोपनीयता के मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अकबरपुर तथा रमाबाई राजकीय पीजी कॉलेज, अकबरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, पहचान पत्रों की जांच, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने परीक्षा संचालन में लगे कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी भी प्राप्त की।

जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभ्यर्थी की निर्धारित मानकों के अनुरूप सघन जांच की जाए, समय पर प्रवेश सुनिश्चित किया जाए तथा शासन एवं परीक्षा नियामक प्राधिकारी द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है और यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा अभ्यर्थियों को सुरक्षित, शांत एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने देने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। अभ्यर्थियों का प्रवेश निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया गया और परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिसके चलते पहले दिन की दोनों पालियों की परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो गई।

इस खबर को शेयर करें
संपादकीय टीम

हिन्दी दैनिक राष्ट्रीय मुहिम का संपादकीय डेस्क।

टिप्पणियाँ (0)

विज्ञापन
फुटर के ऊपर बैनर