रिजवान खान जिला ब्यूरो अंबेडकर नगर
अम्बेडकरनगर, 01 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में केंद्र व्यवस्थापकों, सह-केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों तथा संबंधित अधिकारियों की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता, गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन एवं परीक्षा नियामक प्राधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को कुल 5 पालियों में परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें 5,160 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्र व्यवस्थापकों, सह-केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ पर्याप्त संख्या में आंतरिक निरीक्षकों की भी तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रथम पाली के अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:15 बजे से 8:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों का प्रवेश दोपहर 12:15 बजे से 1:45 बजे तक होगा। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, समयबद्ध प्रवेश, प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट की सुरक्षित हैंडलिंग, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था तथा गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक के दौरान परीक्षा संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण भी दिया गया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।

टिप्पणियाँ (0)