*लम्भुआ तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस: सीडीओ विनय कुमार सिंह ने शिकायतों को गंभीरता से सुना, कुछ कर्मचारियों की कार्यशैली बनी चर्चा का विषय*
लम्भुआ, सुल्तानपुर। तहसील लम्भुआ में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई जारी रही। समाधान दिवस में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सीडीओ विनय कुमार सिंह प्रत्येक प्रार्थना पत्र का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते नजर आए। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवश्यक मामलों में मौके पर ही अधिकारियों से जानकारी भी ली।
वहीं दूसरी ओर, समाधान दिवस के दौरान कुछ कर्मचारियों की कार्यशैली चर्चा का विषय बनी रही। प्रत्यक्ष रूप से कुछ कर्मचारी ड्यूटी के समय मोबाइल पर लूडो खेलते दिखाई दिए, जबकि कुछ अन्य कर्मचारी ऊंघते या झपकी लेते नजर आए। ऐसे दृश्य देखकर फरियादियों में भी चर्चा रही कि जब समाधान दिवस जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में ही इस प्रकार की लापरवाही दिखाई दे रही है, तो आम दिनों में कार्यप्रणाली कैसी होगी।
संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। ऐसे में कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी से पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने की अपेक्षा रहती है।

टिप्पणियाँ (0)